
मकरोनिया की विकास यात्रा को मिली नई रफ़्तार: विधायक प्रदीप लारिया ने दी 45 लाख के कार्यों की सौगात
सागर/13.03.2026: बुंदेलखंड के सबसे तेजी से उभरते उपनगर मकरोनिया को ‘आदर्श टाउन’ के रूप में स्थापित करने का संकल्प अब धरातल पर उतरने लगा है। नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने शुक्रवार को विकास की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए वार्ड क्रमांक 07 और 09 में करीब 45.04 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। विधायक की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
वार्ड-07: जल निकासी और सौंदर्यीकरण पर जोर
वार्ड नंबर 07 के निवासियों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया। यहाँ कुल 37.92 लाख रुपये के कार्यों की आधारशिला रखी गई। 4.22 लाख की लागत से बनने वाली आर.सी.सी. नालियों से वार्ड की पुरानी ड्रेनेज समस्या हल होगी।
संगम टेंट से गायत्री नगर चौराहे तक 16.82 लाख की लागत से पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे, जिससे सड़क के दोनों किनारों का सौंदर्यीकरण होगा। लखन परिहार से लेकर मंजीत ढाबा रोड तक 16.88 लाख की लागत से सी.सी. रोड और नाली निर्माण का कार्य शुरू किया गया है।
वार्ड-09: मंदिरों और गलियों का होगा कायाकल्प
वार्ड नंबर 09 में 7.12 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक का जाल बिछाया जाएगा। बीजासेन माता मंदिर, सुंदरलाल स्कूल के पीछे और होली तिगड्डा जैसे व्यस्त क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए यह पहल की गई है। विधायक लारिया ने स्पष्ट किया कि धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों तक पहुँच आसान बनाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि “मकरोनिया महज एक टाउन नहीं, हमारी प्रगति का चेहरा है। बुनियादी ढांचे को मजबूत कर हम इसे एक ‘आदर्श शहर’ की पहचान दिला रहे हैं। हर गली और हर वार्ड का समग्र विकास ही मेरा अंतिम लक्ष्य है।”
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल सहित स्थानीय पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ‘मातृशक्ति’ और स्थानीय रहवासी शामिल हुए, जिन्होंने विकास कार्यों के लिए विधायक लारिया का आभार व्यक्त किया। मकरोनिया का बदलता स्वरूप अब सागर जिले में आधुनिक टाउनशिप की एक नई मिसाल पेश कर रहा है।











