
मुख्यमंत्री से मिले विधायक प्रदीप लारिया, नरयावली को नगर पंचायत बनाने व पुल निर्माण कार्यों की स्वीकृति का किया अनुरोध
भोपाल प्रवास के दौरान नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट कर नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
विधायक लारिया ने मुख्यमंत्री से नरयावली को नगर पंचायत का दर्जा प्रदान किए जाने संबंधी पूर्व घोषणा के शीघ्र क्रियान्वयन का अनुरोध किया। साथ ही क्षेत्र की आवागमन सुविधा एवं ग्रामीण संपर्क मार्गों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पुल निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने एनएच-44 से खजुरिया गुरू एवं सेमराहाट मार्ग के मध्य आमघाट नाले पर 75 मीटर लंबाई के पुल निर्माण, कर्रापुर-खिरिया मार्ग पर बांकुरी नाले में 45 मीटर लंबाई के जलमग्नीय पुल एवं सुरक्षा कार्य, पथरिया हाट-पृथ्वीपुरा मार्ग पर मोलाली नाले में 150 मीटर लंबाई के जलमग्नीय पुल तथा कर्रापुर-पिपरिया मार्ग पर लुहारीघाट के बांरी नाले में 90 मीटर लंबाई के जलमग्नीय पुल निर्माण कार्यों की स्वीकृति का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक लारिया द्वारा प्रस्तुत विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास एवं अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।











