7 साल से फरार ₹5 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार, राहतगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता

7 साल से फरार ₹5 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार, राहतगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता
सागर। जिला सागर की राहतगढ़ पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2019 में हुए हत्या कांड के बाद से लगातार फरार था।
पुलिस अधीक्षक सागर  अनुराग सुजानिया के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में राहतगढ़ पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2019 को आरिफ उस्मानी का शव सिरसी नाला के पानी में खुरई तिराहा के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर बल्लू उर्फ बलराम यादव और रामस्वरूप कोरी को आरोपी बनाया था। बाद में रामस्वरूप कोरी की गिरफ्तारी हो गई थी, लेकिन मुख्य आरोपी बल्लू उर्फ बलराम यादव लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया था। लगातार तलाश के बाद 8 जून 2026 को राहतगढ़ पुलिस ने आरोपी बल्लू उर्फ बलराम यादव (46) निवासी ग्राम साईंखेड़ा, हाल ब्लॉक कॉलोनी राहतगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, अड़ीबाजी, अवैध हथियार, मारपीट और सट्टा सहित कुल 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में एसडीओपी राहतगढ़ श्री योगेन्द्र सिंह भदौरिया के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक रामअवतार धाकड़, बदन सिंह तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राहतगढ़ पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने का प्रयास करने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Read More