
प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ कार्यकाल पर बांदरी में महाआरती, विशेष पूजा एवं सुंदरकांड का आयोजन
बांदरी। प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल का कीर्तिमान स्थापित करने के उपलक्ष्य में बांदरी स्थित हनुमान मंदिर में महाआरती, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक Bhupendra Singh सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत समृद्ध, शक्तिशाली और सांस्कृतिक वैभव से गौरवान्वित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का अब तक का कार्यकाल देश के लिए उपलब्धियों और गौरव से भरा रहा है तथा यह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन संघर्ष, निष्ठा, त्याग और समर्पण का उदाहरण है, जिससे प्रत्येक कार्यकर्ता को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासित दिनचर्या, योग एवं ध्यान के प्रति समर्पण तथा राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्राप्त संस्कार और अनुशासन का महत्वपूर्ण योगदान है।
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में कर्मयोग का आदर्श प्रस्तुत किया है। देश के विकास, सांस्कृतिक गौरव, स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सशक्तिकरण तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं तथा वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सफलता को दर्शाती हैं।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बांदरी अनिल पाराशर, मंडल अध्यक्ष बरोदिया नीतेश यादव, मंडल अध्यक्ष मालथौन अरविंद सिंह लोधी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र सिंह दरी, नगर परिषद अध्यक्ष बांदरी श्रीमती सुधा विश्वनाथ लोधी, नपं अध्यक्ष बरोदिया श्रीमती मालती लोधी, सीएमओ संजय समुद्रे, पं. वृंदावन तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। :::











