
जल गंगा संवर्धन अभियान: बड़ी नदी के सफाई एवं गहरीकरण कार्यों का विधायक शैलेन्द्र जैन ने किया निरीक्षण
जल संरचनाएं हमारी अमूल्य धरोहर, संरक्षण समय की आवश्यकता : विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन
सागर। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 19 मार्च से 30 जून तक संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर निगम सागर द्वारा लेहदरा नाका स्थित बड़ी नदी पर किए जा रहे सफाई एवं गहरीकरण कार्यों का निरीक्षण विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त राजकुमार खत्री, इंजीनियर फोरम के पदाधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि बड़ी नदी में किसी काम को पूर्ण करने के एवज में भोपाल रोड के पास के नाले को बड़ी नदी की ओर मोड़ दिया गया था जिससे सीवर का गंदा पानी प्रवाहित होने के कारण यह जलस्रोत गंभीर रूप से प्रदूषित हो गया था। नदी की इस स्थिति को देखते हुए विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने इंजीनियर फोरम एवं नगर निगम के इंजीनियरों के साथ विस्तृत चर्चा कर सीवर के पानी के प्रवेश बिंदुओं की पहचान कराई तथा उनके स्थायी निराकरण की दिशा में कार्य कराया। परिणामस्वरूप वर्तमान में बड़ी नदी में किसी भी स्थान से गंदे पानी का प्रवाह नहीं हो रहा है। इसके उपरांत विधायक श्री जैन की पहल पर बड़ी नदी के गहरीकरण एवं व्यापक सफाई अभियान की शुरुआत की गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि बड़ी नदी केवल एक जलस्रोत ही नहीं, बल्कि शहरवासियों की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र भी है। गणेशोत्सव एवं आदिशक्ति की आराधना के पर्व नवरात्रि के दौरान भगवान श्री गणेश एवं माता रानी की प्रतिमाओं का विसर्जन इसी नदी में किया जाता है। इसलिए इसकी स्वच्छता, पवित्रता एवं संरक्षण बनाए रखना हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान जल संरक्षण एवं पारंपरिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रारंभ किया गया जल गंगा संवर्धन अभियान जनभागीदारी आधारित एक अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। नागरिकों की सहभागिता से ही जलस्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन संभव हो सकेगा।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि नगर निगम द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न जलस्रोतों की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं संरक्षण के कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जलस्रोतों में कचरा एवं गंदगी न फैलाएं तथा इनके संरक्षण के लिए आगे आकर सहयोग करें।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बताया कि नगर निगम द्वारा बड़ी नदी में व्यापक स्तर पर सफाई एवं गहरीकरण कार्य कराया जा रहा है, जिससे जल धारण क्षमता में वृद्धि होगी तथा वर्षा जल का बेहतर संचयन संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और जनसहभागिता को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
इस अवसर पर इंजीनियर फोरम के पदाधिकारी इंजीनियर प्रकाश चौबे, इंजीनियर संजीव चौरसिया, इंजीनियर राजेश मिश्रा, इंजीनियर विवेक श्रीवास्तव, इंजीनियर संजीव जैन, इंजीनियर अंकित नामदेव,प्रभारी कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी सहित इंजीनियर फोरम के सदस्य एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।











