
सिरोजा में लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
सागर, 15 जून 2026। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सिरोजा क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल 2026 को सिरोजा निवासी विष्णु सिंह ठाकुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12-13 अप्रैल की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। मामले में थाना सिविल लाइन में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जितेन्द्र उर्फ मजले विश्वकर्मा निवासी भटेरा, जिला नरसिंहपुर तथा सुरेन्द्र उर्फ विक्की ठाकुर निवासी घनसोर, जिला सिवनी की पहचान की। दोनों आरोपी अन्य थाना क्षेत्रों में भी वांछित बताए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने छिंदवाड़ा जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं निशानदेही पर चोरी गए जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर सहित थाना सिविल लाइन पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











