घर में घुसकर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

घर में घुसकर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
सागर, 15 जून 2026। थाना मोतीनगर पुलिस ने घर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 53 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार वर्धमान कॉलोनी निवासी आदेश कुमार जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे 13 मई 2026 को परिवार सहित नोएडा गए थे और घर में ताला लगाकर गए थे। 18 मई को लौटने पर मकान का मुख्य ताला टूटा मिला तथा घर का सामान बिखरा हुआ था। जांच में पता चला कि अज्ञात चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी सहित करीब 95 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में थाना मोतीनगर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने परमजीत यादव (24) निवासी नांगल ठाकरन, दिल्ली, हाल निवासी वर्धमान कॉलोनी, सागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आठ जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की बच्चे की करधौनी तथा सोने की आठ गुरिया बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Comment

Read More