
जल गंगा संवर्धन अभियान को मिली नई गति: बड़ी नदी के गहरीकरण एवं सफाई कार्य का विधायक शैलेन्द्र जैन ने किया निरीक्षण
सीवर मुक्त हुई बड़ी नदी, जनसहभागिता से जलस्रोत संरक्षण का बन रहा मॉडल
जल संरचनाएं हमारी अमूल्य धरोहर, उनका संरक्षण समय की आवश्यकता : विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन
सागर। मध्यप्रदेश शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत भोपाल रोड स्थित कड़ान नदी (बड़ी नदी) में चल रहे गहरीकरण एवं व्यापक सफाई कार्य का निरीक्षण विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर निगम के अधिकारी, इंजीनियर फोरम के पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
विधायक जैन ने बताया कि बड़ी नदी में सीवर के गंदे पानी के प्रवेश को स्थायी रूप से रोकने के लिए नगर निगम एवं इंजीनियर फोरम के सहयोग से प्रभावी कार्यवाही की गई है। इसके परिणामस्वरूप अब नदी में किसी भी स्थान से गंदे पानी का प्रवाह नहीं हो रहा है। इसके बाद नदी के गहरीकरण एवं सफाई अभियान को गति दी गई है।
उन्होंने कहा कि बड़ी नदी केवल जलस्रोत नहीं बल्कि शहरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां गणेशोत्सव एवं नवरात्रि के दौरान प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इसलिए इसकी स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर के विभिन्न जलस्रोतों के संरक्षण, गहरीकरण एवं साफ-सफाई के कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं तथा नागरिकों से भी इसमें सहयोग की अपील की।
अभियान के तहत लगातार छठे दिन बड़ी नदी के दोनों ओर ब्रिज क्षेत्र से लेकर जंक्शन एवं रेलवे ब्रिज तक सफाई और गहरीकरण कार्य जारी रहा। पोकलेन मशीनों की सहायता से नदी की तलहटी से सिल्ट निकालकर डंपरों के माध्यम से बाहर पहुंचाई जा रही है।
इस अवसर पर नगर निगम उपयुक्त एस.एस. बघेल, जितेंद्र गुप्ता, श संजय तिवारी, संयम चतुर्वेदी, इंजीनियर फोरम के पदाधिकारी इंजीनियर राजेश मिश्रा, इंजीनियर विवेक श्रीवास्तव, इंजीनियर संजीव जैन, इंजीनियर राजेंद्र सिलाकारी, इंजीनियर राजेश शर्मा, इंजीनियर राजीव चौरसिया, अध्यक्ष इंजीनियर अंकित नामदेव, इंजीनियर गोविन्द प्रजापति, इंजीनियर कृष्णकुमार कोरी, श्री उमेश रैकवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्य के दौरान रिछारिया ग्रुप के संचालक श्री प्रमेन्द्र रिछारिया ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया तथा सिख समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अभियान का समर्थन कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।











