सुरखी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार सहित 315 पाव अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सुरखी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार सहित 315 पाव अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
सागर, 17 जून 2026। सागर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरखी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 315 पाव अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शराब और वाहन सहित कुल 7.40 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जून को थाना सुरखी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकरोनिया की ओर से एक सफेद रंग की कार में अवैध शराब लेकर सुरखी क्षेत्र की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जसराज पठार में घेराबंदी कर संदिग्ध किया सोनेट कार क्रमांक MP15ZP9116 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की की सात पेटियां, जिनमें 315 पाव (60.3 लीटर) शराब रखी हुई थी, बरामद हुई। पुलिस ने कार चालक सोमेश कुर्मी (30 वर्ष), निवासी बाघराज वार्ड, पंडापुरा, थाना मोतीनगर, जिला सागर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत 40,200 रुपये तथा कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। कुल जब्त मशरूका का मूल्य करीब 7 लाख 40 हजार 200 रुपये बताया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक प्रशांत रावत तथा आरक्षक कमलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

Read More