बीना पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, 1.405 किलो गांजा और बाइक जब्त

बीना पुलिस ने दो गांजा तस्करों को दबोचा, 1.405 किलो गांजा और बाइक जब्त
सागर, 17 जून। सागर पुलिस की प्रो-एक्टिव पुलिसिंग के तहत थाना बीना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आदतन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.405 किलोग्राम अवैध गांजा एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी अजय सनकत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-15-एनसी-2094 से दो व्यक्ति शब्दा पुलिया के पास गांजा बेचने की फिराक में आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गोकल अहिरवार (40) निवासी रगोली, थाना सानौधा तथा हीरालाल अहिरवार (66) निवासी भीम वार्ड, बीना के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से 1 किलो 405 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त करीब 60 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी गांजा तस्करी के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। हीरालाल अहिरवार पूर्व में जीआरपी में आरक्षक रह चुका है तथा सेवानिवृत्ति के बाद अवैध गांजा तस्करी में संलिप्त पाया गया है।
पुलिस अब बरामद गांजे के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव सहित थाना बीना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More