
डायल-112 की तत्परता से सड़क दुर्घटना में घायल दंपति को मिला समय पर उपचार, गर्भवती महिला की बचाई जान
सागर। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में संचालित डायल-112/100 सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी क्रम में डायल-112 की संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई से सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दंपति को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि कुयला के पास एक सड़क दुर्घटना में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही निकटतम एफआरवी तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर उपस्थित कॉलर ने बताया कि ग्राम निहानी निवासी रिंकी गोंड एवं उनके पति भारत गोंड मोटरसाइकिल से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को साइड से टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में घायल महिला गर्भवती होने के कारण स्थिति अत्यंत संवेदनशील एवं गंभीर थी।
एफआरवी स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता प्रदान की तथा सुरक्षित रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बण्डा पहुंचाया, जहां उनका तत्काल उपचार प्रारंभ कराया गया। डायल-112 की समयबद्ध कार्रवाई के कारण घायलों को शीघ्र चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सकी, जिससे संभावित गंभीर परिणामों को टाला जा सका।
इस सराहनीय एवं मानवीय कार्य में आरक्षक क्रमांक 368 गेंदा प्रसाद एवं एफआरवी पायलट सोने सिंह लोधी की तत्परता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा विशेष रूप से प्रशंसनीय रही।
सागर पुलिस की डायल-112 सेवा आमजन की सुरक्षा, सहायता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत पहुंचाने के लिए 24×7 प्रतिबद्ध एवं तत्पर है।











