
पुलिस अधीक्षक सागर ने NEET परीक्षा के पांच परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सागर, 19 जून 2026। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने जिले के पांच परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 सागर, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 सागर, आर्मी पब्लिक स्कूल सागर, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय कन्या स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सागर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती का सूक्ष्म निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक सागर ललित कश्यप एवं संबंधित थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सागर पुलिस जिले में आयोजित होने वाली NEET परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।











