
सागर में रोजगार का महाकुंभ: 477 युवाओं को मिला मंच, 313 का हुआ चयन, लाखों के स्वरोजगार ऋण भी स्वीकृत
सागर। जिले के युवाओं के लिए आयोजित युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला रोजगार के बड़े अवसरों का केंद्र बनकर उभरा। सहोद्रा राय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में आयोजित इस मेले में 477 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 313 अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्राथमिक चयन किया। चयनित युवाओं में 42 महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कुश समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा ने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर युवा को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मेले में अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, जबलपुर और सागर की नामी कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान किए। वहीं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत दो हितग्राहियों को 11.60 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर स्वरोजगार की दिशा में भी बड़ी पहल की गई।
रोजगार के साथ-साथ प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत काउंसलिंग भी कराई गई। यह आयोजन जिले के युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।











