
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत पुलिस लाइन सभागार में प्रशिक्षण का चौथा बैच प्रारंभ
सागर, दिनांक 22 जून 2026।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के क्रम में पुलिस लाइन सभागार, सागर में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का चौथा बैच आज शुभारंभ हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस बल का प्रशिक्षित, अनुशासित एवं तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, संचार व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया, यातायात प्रबंधन तथा आधुनिक पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस सप्ताह आयोजित प्रशिक्षण में कुल 86 अधिकारी एवं कर्मचारी सहभागिता कर रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस बल की क्षमता, दक्षता एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना है।











