
डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आज बूथ स्तर पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम : श्याम तिवारी
सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा 23 जून को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जिले के सभी बूथों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं संगठनात्मक तैयारियों को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के संकल्प को लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण एवं दृढ़ संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 23 जून को बूथ स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के विचारों, संघर्षों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाएगी। विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ता उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से समाज को परिचित कराएंगे तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का संदेश देंगे।
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए मार्गदर्शक हैं।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रमों के सफल एवं प्रभावी आयोजन हेतु जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। इसमें जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया को संयोजक,चेतराम अहिरवार,यश अग्रवाल,संतोष ठाकुर, संध्या भार्गव को सहसंयोजक बनाया गया है।
बैठक का संचालन जिला मंत्री संध्या भार्गव ने किया तथा आभार सुषमा यादव ने व्यक्त किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर, चेतराम अहिरवार, सुमित यादव, यश अग्रवाल, मनीष चौबे, विक्रम सोनी, राहुल वैध, विकास सांधेलिया, श्रीकांत जैन, रामेश्वर नेमा, जय सोनी, नितिन सोनी, सुनीता रैकवार, जयश्री रैकवार सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











