राहतगढ़ के बनेनी घाट मंदिर का हो रहा कायाकल्‍प : गोविंद सिंह राजपूत

राहतगढ़ के बनेनी घाट मंदिर का हो रहा कायाकल्‍प : गोविंद सिंह राजपूत

राहतगढ़ का प्राचीन बनेनी घाट मंदिर बनेगा आस्था और पर्यटन का भव्य केंद्र : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

*108 शिवलिंगों की अद्भुत विरासत को संजोने और संवारने के लिए सरकार प्रतिबद्ध, सौंदर्यीकरण एवं विकास में नहीं छोड़ी जाएगी कोई कमी

सागर दिनांक 23 जून 2026:बीना नदी के पावन तट पर स्थित राहतगढ़ का ऐतिहासिक एवं प्राचीन बनेनी घाट मंदिर शीघ्र ही धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर यहां संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री  राजपूत ने कहा कि बनेनी घाट मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी प्राचीन संस्कृति, आस्था और ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। यहां एक ही विशाल शिला पर स्थापित 108 शिवलिंग श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र हैं। इस अद्वितीय धार्मिक धरोहर के कारण राहतगढ़ को भगवान विश्वनाथ की नगरी के रूप में भी विशेष पहचान प्राप्त है।
उन्होंने कहा कि इस प्राचीन धरोहर को संरक्षित करने और इसकी गरिमा के अनुरूप विकसित करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पूर्व में भी घाट निर्माण, सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्य कराए गए हैं तथा आगामी समय में भी मंदिर क्षेत्र के विकास का क्रम निरंतर जारी रहेगा।
मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि बनेनी घाट मंदिर परिसर के कायाकल्प के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके अंतर्गत श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु भोजशाला, यज्ञशाला, भजन-कीर्तन स्थल, महिलाओं के लिए स्नानघर एवं चेंजिंग रूम, पर्यटकों के लिए व्यू-पॉइंट तथा क्षेत्र की भव्यता के अनुरूप आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर और घाट क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कर इसे अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर के समीप सुंदर पार्क और ओपन जिम का निर्माण कराया गया है, जिससे नागरिक योग एवं व्यायाम के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त राहतगढ़ में युवाओं के लिए लगभग 15 लाख रुपये की लागत से आधुनिक जिम की स्थापना भी शीघ्र कराई जाएगी, जिससे युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहरों को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना भी है। इसी सोच के साथ बनेनी घाट मंदिर क्षेत्र को भी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राहतगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु प्रतिवर्ष भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए यहां पहुंचते हैं। इसलिए मंदिर परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पहुंच मार्ग, घाटों के सुधार तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधाओं के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे।
मंत्री श्री राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए समग्र कार्ययोजना बनाकर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बनेनी घाट मंदिर को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की पहचान और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश में प्राचीन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में विकसित किए गए विभिन्न धार्मिक स्थलों की तर्ज पर राहतगढ़ के बनेनी घाट मंदिर को भी नई पहचान दिलाई जाएगी।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि बीना नदी का प्राकृतिक सौंदर्य, मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता और धार्मिक आस्था का संगम इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बनाता है। इसके विकास से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी मंदिर क्षेत्र के विकास को लेकर अपने सुझाव रखे तथा सरकार द्वारा किए जा रहे संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More