शराब पार्टी के दौरान पैसों के विवाद में दिव्यांग युवक की हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा


पुलिस थाना बण्डा, जिला सागर
दिनांक : 23 जून 2026

शराब पार्टी के दौरान पैसों के विवाद में दिव्यांग युवक की हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा

बण्डा पुलिस ने दोनो आरोपियों को किया गिरफ्तार

जिला सागर में गंभीर अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में बण्डा पुलिस ने दिव्यांग युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनांक 23 जून 2026 को फरियादी मेघराज लोधी निवासी ग्राम बीजरी, थाना बण्डा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके भाई टीकाराम उर्फ टिक्कू लोधी (उम्र 30 वर्ष) की उसके परिचित राधे लोधी एवं झब्बू लोधी द्वारा पैसों के लेनदेन को लेकर शराब पीने के दौरान विवाद होने पर उसकी बैसाखी से हमला कर हत्या कर दी गई।

रिपोर्ट पर थाना बण्डा में अपराध क्रमांक 420/2026 अंतर्गत धारा 103(1), 296(B), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

चूँकि मृतक दिव्यांग था, इसलिए प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बीना) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बण्डा श्री प्रदीप वाल्मीकी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

गठित टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों राधे लोधी (28 वर्ष) एवं झब्बू लोधी (60 वर्ष) निवासी ग्राम बीजरी, थाना बण्डा को दस्तयाब कर विधिवत पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पैसों के विवाद के बाद बैसाखी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके उपरांत दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजली उदैनिया, उप निरीक्षक आदिल खान, सहायक उप निरीक्षक पूरनलाल लडिया, सहायक उप निरीक्षक राकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक भोलानाथ यादव, प्रदीप सिंह राजपूत, जिनेन्द्र यादव तथा आरक्षक राजमणि, प्रहलाद, धनीराम, मनीष अहिरवार, पंकज, नरेन्द्र, दिनेश कुर्मी एवं अभिषेक गौतम की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More