
सागर में यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 18 मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और 15 स्कूल वाहन पकड़े, ₹43 हजार का जुर्माना
सागर। शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे स्कूल वाहनों के खिलाफ सागर यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। दो दिनों तक चले विशेष अभियान में कुल 33 वाहनों पर कार्रवाई कर ₹43,000 का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में 22 और 23 जून को यातायात डीएसपी मयंक चौहान तथा यातायात थाना प्रभारी मोहन सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालने वाली 18 बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इन वाहन चालकों से ₹32,000 का जुर्माना वसूला गया और भविष्य में अवैध मॉडिफिकेशन नहीं करने की चेतावनी दी गई।
वहीं विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 स्कूल वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए ₹11,000 का समन शुल्क वसूला गया। जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आवश्यक दस्तावेज और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां
18 मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई
15 स्कूल वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई
कुल 33 वाहनों पर कार्रवाई
₹43,000 का समन शुल्क वसूला गया
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों में अवैध या मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें, क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आमजन, बुजुर्गों, मरीजों तथा विद्यार्थियों को परेशानी होती है। उन्होंने स्कूल वाहन संचालकों से भी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।











