
आपातकाल की 51वीं बरसी पर सागर में संगोष्ठी को संबोधित करेंगे उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, लोकतंत्र सेनानियों का होगा सम्मान
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने भोपाल में उपमुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री से की भेंट
सागर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने मंगलवार को भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले में आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों एवं विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल को आगामी 25 जून को आपातकाल की 51वीं बरसी के अवसर पर सागर में आयोजित होने वाली विशेष संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया। उपमुख्यमंत्री डॉ. शुक्ल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की सहमति प्रदान की।
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय माना जाता है। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सम्मान किया जाएगा तथा उस दौर के संघर्ष, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव लोकतांत्रिक मूल्यों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं संविधान की भावना के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध रही है। आपातकाल के दौरान लाखों लोकतंत्र प्रेमियों ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया था, जिनका योगदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि “आपातकाल के काले दिवस” के अवसर पर 25 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। इसमें जिला उपाध्यक्ष विक्रम सोनी को संयोजक तथा जिला महामंत्री सुमित यादव एवं जिला मंत्री सविता साहू को सहसंयोजक बनाया गया है।











