वीर अभिमन्यु अखाड़े के प्रथम तल निर्माण की मांग, पहलवानों ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन

वीर अभिमन्यु अखाड़े के प्रथम तल निर्माण की मांग, पहलवानों ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन

व्यायाम, खेल गतिविधियों एवं सामाजिक आयोजनों के लिए अतिरिक्त भवन निर्माण की रखी मांग

सागर। अंबेडकर वार्ड स्थित वीर अभिमन्यु अखाड़े के पहलवानों एवं क्षेत्रवासियों ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के निवास पर पहुंचकर अखाड़े के प्रथम तल निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि अखाड़ा क्षेत्र के युवाओं एवं पहलवानों के लिए नियमित व्यायाम, कुश्ती प्रशिक्षण और शारीरिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवा अभ्यास के लिए पहुंचते हैं।

क्षेत्रवासियों ने मांग करते हुए कहा कि वर्तमान में उपलब्ध स्थान सीमित होने के कारण खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों को विभिन्न गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि अखाड़े के प्रथम तल का निर्माण हो जाता है तो वहां व्यायाम एवं खेल गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी सुचारु रूप से किया जा सकेगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी विभिन्न आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि वीर अभिमन्यु अखाड़ा क्षेत्र की गौरवशाली परंपरा और युवाओं की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मांग का परीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया के तहत अखाड़े के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर अखाड़े के उस्ताद  अजितपाल जाट, मनीष जाट, कार्तिक जाट, जसवंत जाट, चक्रेश जाट, नितेश जाट, पुरुषोत्तम जाट, मुकेश जाट सहित बड़ी संख्या में पहलवान एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने विधायक श्री जैन से अखाड़े के विकास हेतु शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया।

Leave a Comment

Read More