
थाना सिविल लाइन पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी का किया सफल खुलासा, भोपाल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹60 हजार मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण किए बरामद
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन पुलिस को चोरी के एक प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 23 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एमआईजी कॉलोनी, सागर में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के संबंध में फरियादिया कल्पना रावत पति विष्णु प्रसाद रावत, उम्र 45 वर्ष, निवासी एमआईजी कॉलोनी, सागर की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 26/2026 धारा 331(1), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पतारसी की गई। विवेचना के दौरान घटना में संलिप्त तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल से अभिरक्षा में लेकर सागर लाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी कराई। आरोपियों के कब्जे से एक सोने का पेंडल, तीन जोड़ी पायल एवं आठ नग बिछिया सहित कुल लगभग ₹60,000 मूल्य का मशरूका बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी—
- राजा पिता आसिफ खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी भोपाल।
- लकी पिता मुदुल राजपूत, उम्र 23 वर्ष, निवासी कोलार रोड, भोपाल।
- विजय डिडोरिया पिता मुकेश डिडोरिया, उम्र 21 वर्ष, निवासी भोपाल।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्रवाई में थाना सिविल लाइन से सउनि. बी.एस. कारोलिया, प्रधान आरक्षक सतीश बैन, आरक्षक हरगोविन्द, विपिन, रवि कुमार, नीरज एवं जवाहर सिंह, सायबर सेल सागर से कुलदीप एवं सौरभ तथा फिंगरप्रिंट शाखा से उनि. अनिल अहिरवार की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।











