
“छात्रों की गूंज” से गूंजेगा सागर: व्यापमं से लेकर NEET तक, भाजपा सरकार के परीक्षा घोटालों और युवाओं की संस्थानिक हत्या के खिलाफ कांग्रेस का आक्रामक शंखनाद
सागर/ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) सागर द्वारा आज एक संयुक्त पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित इस पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के जिला प्रभारी राहुल शर्मा एवं जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने संयुक्त रूप से केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक, वरिष्ठ नेता मुकुल पुरोहित, अखिलेश मोनी केसरवानी एवं जिला प्रवक्ता कमलेश तिवारी व सूर्या शुक्ला, नीलेश अहिरवार मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन जिला ग्रामीण कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री आशीष ज्योतिषी ने किया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के सागर जिला प्रभारी राहुल शर्मा ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में हुए ऐतिहासिक भ्रष्टाचार और धांधली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस महाघोटाले के कारण देश भर के 22.7 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है। अत्यंत दुखद पहलू यह है कि इस परीक्षा में हुई भीषण अनियमितताओं, मानसिक प्रताड़ना और न्याय की उम्मीद टूटने के कारण देश भर में लगभग 93 से अधिक नीट अभ्यर्थी आत्महत्या (सुसाइड) कर चुके हैं, जिसमें अकेले हालिया विवाद के बाद महज डेढ़ महीने के भीतर ही 12 से अधिक होनहार छात्रों ने मौत को गले लगा लिया है। जिला प्रभारी राहुल शर्मा ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि ये आत्महत्याएं नहीं हैं, बल्कि इस भ्रष्ट व निकम्मी व्यवस्था द्वारा की गई संस्थानिक हत्याएं हैं, जिसकी सीधी जिम्मेदार केंद्र की भाजपा सरकार है।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने नीट परीक्षा के कारण परिवारों पर पड़ने वाले भारी आर्थिक बोझ और मध्य प्रदेश के परीक्षा घोटालों पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कोटा या इंदौर जैसे शिक्षा केंद्रों में एक छात्र की कोचिंग, हॉस्टल और पढ़ाई का सालाना खर्च 2 से 5 लाख रुपये तक बैठता है, जिसके लिए गरीब और मध्यमवर्गीय माता-पिता अपनी जमीनें गिरवी रखते हैं या भारी कर्ज लेते हैं। जब सरकार और शिक्षा माफिया मिलकर पेपर लीक करते हैं, तो वह सिर्फ पेपर लीक नहीं होता, बल्कि उस पूरे परिवार की रीढ़ की हड्डी टूट जाती है और वे कर्ज के अंतहीन दलदल में धंस जाते हैं। जाटव ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश तो वैसे भी घोटालों का टापू बन चुका है। पूर्व में हुए व्यापमं घोटाले में 50 से अधिक संदिग्ध मौतें हुईं और अब पटवारी भर्ती घोटाला, नर्सिंग कॉलेज घोटाला, आरक्षक भर्ती तथा शिक्षक पात्रता परीक्षा में लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रदेश के लगभग 15 से 20 लाख युवाओं का भविष्य पूरी तरह बर्बाद हो रहा है।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि हमारे सर्वमान्य नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष माननीय राहुल गांधी जी इस देश के छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य को लेकर अत्यंत चिंतित और गंभीर हैं। कोटा की “छात्रों की गूंज” रैली में उन्होंने साफ कर दिया था कि वे शिक्षा माफियाओं और सरकार की साठगांठ को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। संसद से लेकर सड़क तक युवाओं को न्याय दिलाना ही इस अभियान का मूल संकल्प है। इसी कड़ी में, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जुझारू अध्यक्ष माननीय जीतू पटवारी जी के नेतृत्व में पूरी प्रदेश कांग्रेस इस अभियान को एक निर्णायक जन-आंदोलन का रूप दे रही है, जिसके तहत सागर जिला कांग्रेस पूरी ताकत के साथ सड़कों पर उतरकर शिक्षा माफियाओं और उनके राजनीतिक संरक्षकों की ईंट से ईंट बजाने के लिए तैयार है।
जिला प्रभारी राहुल शर्मा तथा शहर अध्यक्ष महेश जाटव ने संयुक्त रूप से कहा कि देश और प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी आगामी एक सप्ताह के भीतर सागर जिले के प्रत्येक ब्लॉक और जिला मुख्यालय पर “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत एक व्यापक जन-जागरण और आक्रामक आंदोलन खड़ा करने जा रही है।
पत्रकार वार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने सरकार के सामने प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी के साथ ही नीट परीक्षा घोटाले की सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में तत्काल निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराने, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को तत्काल भंग करने, मानसिक अवसाद के कारण जान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने व दोषियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज करने, पटवारी व नर्सिंग घोटालों के असली गुनाहगारों को जेल भेजने और पेपर लीक के खिलाफ कठोरतम गैर-जमानती कानून के साथ एक निश्चित ‘भर्ती कैलेंडर’ लागू करने की मांग शामिल है। कांग्रेस नेतृत्व ने सागर के तमाम विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, अभिभावकों और नागरिक समाज से भावुक अपील की है कि वे युवाओं के अधिकारों की रक्षा के इस महा-आंदोलन में कांग्रेस का साथ दें, क्योंकि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस की यह गूंज शांत नहीं होगी।











