थाना मोतीनगर पुलिस की दोहरी सफलता: हत्या के प्रयास के मामले में 05 आरोपी गिरफ्तार, अवैध धारदार बका लेकर घूम रहे आरोपी को भी दबोचा

थाना मोतीनगर पुलिस की दोहरी सफलता: हत्या के प्रयास के मामले में 05 आरोपी गिरफ्तार, अवैध धारदार बका लेकर घूम रहे आरोपी को भी दबोचा

सागर। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया के निर्देशन में सागर पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक  ललित कुमार कश्यप के नेतृत्व में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना मोतीनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

हत्या के प्रयास के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 23 जून 2026 को थाना मोतीनगर क्षेत्र के ग्राम बदौना में पुरानी रंजिश एवं चोरी के संदेह को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने फरियादी पक्ष पर लोहे की रॉड एवं डंडों से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में रामकुमार उर्फ रामू धानक सहित अन्य लोगों को गंभीर चोटें आईं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल गोकुल धानक, मलखान धानक, लाखन धानक, सोमेश धानक तथा आशीष धानक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

अवैध धारदार बका के साथ घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रांसपोर्ट नगर अमावनी क्षेत्र में एक युवक हाथ में धारदार बका लेकर घूम रहा है तथा किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सतर्कता एवं सूझबूझ से पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बासू पिता विजय कुमार सोनी, उम्र 22 वर्ष, निवासी इतवारी टोरी, मोतीनगर बताया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध लोहे का धारदार बका बरामद किया गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।

पुलिस का मानना है कि समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी से संभावित गंभीर अपराध को टालने में सफलता मिली है।

सराहनीय भूमिका

इन दोनों प्रभावी कार्रवाइयों में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक लोकेश पटेल, उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर, सहायक उपनिरीक्षक गोकुल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बृजेन्द्र, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक सुनील चौबे, आरक्षक सत्येन्द्र, आरक्षक अनुराग, आरक्षक अभिषेक गौतम सहित थाना मोतीनगर पुलिस बल की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More