सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत मालथौन एवं खुरई ग्रामीण क्षेत्र में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत मालथौन एवं खुरई ग्रामीण क्षेत्र में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

महाविद्यालय एवं विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की दिलाई शपथ, डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव की दी महत्वपूर्ण जानकारी

सागर, 25 जून 2026। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल की राज्य साइबर सेल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य” अभियान के अंतर्गत सागर पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा संबंधित राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना मालथौन एवं थाना खुरई ग्रामीण पुलिस द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

थाना मालथौन पुलिस द्वारा बीकेपी महाविद्यालय, मालथौन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, यूपीआई भुगतान से जुड़े साइबर अपराध तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

वहीं थाना खुरई ग्रामीण पुलिस द्वारा ब्लू वेल स्कूल में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लगभग 60 से 70 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक कमलेश धुर्वे एवं आरक्षक संजय जाट ने साइबर अपराधों के नए तरीकों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल भुगतान में बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।

दोनों कार्यक्रमों में उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

सागर पुलिस का उद्देश्य जन-जागरूकता के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना तथा सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है। जिलेभर में “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

सागर पुलिस का संदेश

“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
सुरक्षित क्लिक करें, सुरक्षित भविष्य बनाएं।”

SAFE CLICK 2.0
“सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य”

Leave a Comment

Read More