
मुहर्रम के अवसर पर शाहगढ़ में सागर पुलिस का अनूठा साइबर जागरूकता अभियान, ताजिया जुलूस में उमड़े जनसमूह को दिए ‘SAFE CLICK 2.0’ के सुरक्षा मंत्र
सागर, दिनांक 26 जून 2026।
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित “SAFE CLICK 2.0 – सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य” अभियान के अंतर्गत सागर पुलिस जिलेभर में लगातार व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसी क्रम में मुहर्रम पर्व के अवसर पर थाना शाहगढ़ क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए धार्मिक आयोजन को साइबर सुरक्षा जागरूकता से जोड़ते हुए बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
मुहर्रम पर्व पर ताजिया विसर्जन के लिए जब थाना प्रांगण, शाहगढ़ में विभिन्न ताजिए एकत्रित हुए तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन उपस्थित रहे, तब थाना प्रभारी शाहगढ़ ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए SAFE CLICK 2.0 अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का संदेश दिया।
इस दौरान उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि यदि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी अथवा संदिग्ध गतिविधि का सामना हो तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।
थाना प्रभारी शाहगढ़ ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति जनजागरूकता के लिए महत्वपूर्ण अवसर होती है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाकर उन्हें डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाया जा सकता है।
उपस्थित नागरिकों ने सागर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को उपयोगी बताया तथा स्वयं भी जागरूक रहने एवं अन्य लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
सागर पुलिस द्वारा SAFE CLICK 2.0 अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक आयोजनों एवं ग्राम स्तर तक लगातार जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक साइबर अपराधियों के षड्यंत्रों से सतर्क रहकर सुरक्षित डिजिटल जीवन जी सके।











