
प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ से प्रेरणा लेकर सागर जिले में भी चलेगा पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त जनजागरूकता अभियान : श्याम तिवारी
सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को सागर जिले के सभी संगठनात्मक 1334 बूथों पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के 125वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित स्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा उनके राष्ट्रवादी विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान का स्मरण किया गया।
जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, मंडल एवं बूथ समितियों के सदस्यों, कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने नरयावली विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 143 (बम्होरी बीका) में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद किया तथा संगठन एप एवं विभिन्न डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग को लेकर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने संबोधन में देश एवं विदेश में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों का उल्लेख करते हुए मध्यप्रदेश के राजगढ़ (ब्यावरा) की उन महिलाओं की सराहना की, जिन्होंने प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण कर ‘इको-ब्रिक्स’ तैयार करने जैसी अभिनव पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की इस प्रेरणा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी सागर जिले में भी पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत के उद्देश्य से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगी। अभियान के माध्यम से नागरिकों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से मुक्ति, प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण, रीसाइक्लिंग, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों को इस जनभागीदारी अभियान से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।
श्याम तिवारी ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण को अपना व्यक्तिगत दायित्व मानकर छोटे-छोटे प्रयास करे, तो स्वच्छ, हरित एवं विकसित भारत का संकल्प शीघ्र साकार हो सकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का प्रत्येक संदेश समाज को नई दिशा, नई प्रेरणा एवं राष्ट्रहित में सक्रिय सहभागिता का संदेश देता है।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, कुश समाज कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, डॉ. विनोद पंथी, स्मरण पखवाड़ा टोली के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, प्रकोष्ठ संयोजकों, मंडल प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न बूथों पर पहुँचकर कार्यक्रम में सहभागिता की।











