सागर: 24 घंटे में अपहृत नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, विनायका पुलिस ने दमोह से आरोपी को किया गिरफ्तार

सागर: 24 घंटे में अपहृत नाबालिग बालिका सकुशल बरामद, विनायका पुलिस ने दमोह से आरोपी को किया गिरफ्तार
सागर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सागर पुलिस की मुस्तैदी एक बार फिर सामने आई है। थाना विनायका पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अपहृत 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आरोपी को दमोह जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में बंडा उप जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 28 जून 2026 को बालिका के चाचा ने थाना विनायका में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्ष 7 माह की नाबालिग भतीजी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस ने बालिका को 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। जांच के दौरान आरोपी लाल सिंह अहिरवार (25 वर्ष) निवासी ग्राम कुमेरिया, थाना दमोह देहात, जिला दमोह को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में बंडा उप जेल भेज दिया गया, जबकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना विनायका प्रभारी उप निरीक्षक भूपेंद्र विश्वकर्मा, थाना गढ़ाकोटा प्रभारी उप निरीक्षक शिवम दुबे, प्रधान आरक्षक जयपाल सिंह घोष, लोकमन राही, बादल यादव, सौरभ रैकवार, आरक्षक पुष्पेंद्र सेन, महिला आरक्षक रोशनी पांडे एवं आरक्षक हेमेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के गुम होने अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Comment

Read More