बाघराज वार्ड की विद्युत समस्या का 3 घंटे में समाधान, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के हस्तक्षेप से लगा नया ट्रांसफार्मर

बाघराज वार्ड की विद्युत समस्या का 3 घंटे में समाधान, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के हस्तक्षेप से लगा नया ट्रांसफार्मर

ज्ञापन मिलते ही विद्युत विभाग को दिए निर्देश, तीन घंटे के भीतर बहाल हुई बिजली आपूर्ति; क्षेत्रवासियों ने विधायक निवास पहुंचकर जताया आभार

सागर। शहर के बाघराज वार्ड के रहवासियों ने लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्या के समाधान की मांग को लेकर नगर विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन से मुलाकात कर नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने हेतु ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने बताया कि वर्तमान ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक विद्युत भार होने के कारण क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी, जिससे लगभग 1300 परिवारों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ज्ञापन में बताया गया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने और उसकी जर्जर स्थिति के कारण दिन में कई बार बिजली गुल हो जाती थी। इससे भीषण गर्मी के बीच आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा था। घरेलू कार्यों के साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, पेयजल आपूर्ति तथा छोटे व्यापारियों का कार्य भी बाधित हो रहा था। क्षेत्रवासियों ने शीघ्र अधिक क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की मांग की।

वार्डवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। विधायक के हस्तक्षेप के बाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल कर दी।

बिजली आपूर्ति सामान्य होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक  शैलेन्द्र कुमार जैन के निवास पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक श्री जैन ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।

इस अवसर पर देवी प्रसाद पटेल, भरत सेन, धनीराम रजक, मुन्ना जाटव, धन सिंह लोधी, घनश्याम बाबा, छोटेलाल पटेल, राहुल नामदेव, दयाशंकर अहिरवार, राजकुमार पटेल, भागवत पटेल, दिनेश पटेल, गोपाल पटेल, राम रैकवार सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More