
जैन समाज की भावनाओं से प्रशासन को कराया अवगत, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के नेतृत्व में सौंपा गया ज्ञापन
सागर। जैन साधु-संतों द्वारा उपयोग की जाने वाली मयूर पंख से निर्मित पिच्छिका के संबंध में प्रसारित की जा रही भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारियों के विरोध में आज सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन के नेतृत्व में सकल जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट गगन बिसेन को ज्ञापन सौंपा। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर प्रतिभा पाल से भेंट कर समाज की धार्मिक भावनाओं एवं आस्थाओं से उन्हें अवगत कराया।
इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि भारत विविध धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं का देश है, जहां प्रत्येक समाज की धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं का सम्मान किया जाना हमारी साझा जिम्मेदारी है। जैन धर्म अहिंसा, सत्य, करुणा और संयम का संदेश देता है। ऐसे में जैन साधु-संतों द्वारा उपयोग की जाने वाली पिच्छिका के संबंध में प्रसारित भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारियां समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। समाज ने पूरी संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ अपनी भावनाओं से प्रशासन को अवगत कराया है। हमें विश्वास है कि प्रशासन इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक एवं उचित कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक एवं समाज को अपनी बात शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से रखने का अधिकार है। समाज की एकजुटता, संयम और अनुशासन इस बात का प्रमाण है कि जैन समाज सदैव शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता का पक्षधर रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से समाज की धार्मिक आस्थाओं एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर आवश्यक एवं उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया। साथ ही सभी समाजजनों ने अहिंसा, सत्य, संयम और परस्पर सम्मान की भावना को बनाए रखते हुए सामाजिक सौहार्द एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कमलेंद्र जैन, मुकेश जैन, सुरेंद्र कुमार जैन, प्रमोद जैन, संतोष जैन, विनीत जैन, श्रीकांत जैन, पराग बजाज, अजय सराफ, ममता जैन, सुनील जैन, प्रशांत जैन, समीर जैन, अकलंक जैन, प्रशांत समैया, सौरभ जैन सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं सकल जैन समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











