
25 विद्यार्थियों को मिली नि:शुल्क साइकिलें, 20 लाख रुपये के फर्नीचर से सुसज्जित हुआ रजौआ स्कूल
विधायक प्रदीप लारिया ने कहा— शिक्षित और सशक्त विद्यार्थी ही विकसित मध्यप्रदेश की आधारशिला
सागर/30.06.2026: नरयावली विधानसभा क्षेत्र के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल रजौआ में मंगलवार को शिक्षा, सुविधा और संस्कार का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला। नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने मध्यप्रदेश शासन की नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत 25 छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं तथा शासन से स्वीकृत 20 लाख रुपये की लागत के नवीन फर्नीचर का लोकार्पण किया। इस फर्नीचर में 360 कुर्सियां एवं 180 डेस्क शामिल हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा।
विधायक लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में म.प्र.सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। विद्यार्थियों को विद्यालय तक सुगम पहुंच के लिए नि:शुल्क साइकिल, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन के लिए आधुनिक फर्नीचर, बेहतर अधोसंरचना और विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की सहायक शिक्षिका अनीता शुक्ला के 37 वर्षों की गौरवपूर्ण शासकीय सेवा पूर्ण होने पर आयोजित सेवा सम्मान समारोह में विधायक लारिया ने उनका सम्मान करते हुए कहा कि शिक्षक सेवा से सेवानिवृत्त हो सकता है, लेकिन समाज निर्माण के अपने दायित्व से कभी नहीं। शिक्षक का ज्ञान और संस्कार जीवनभर समाज को आलोकित करते रहते हैं।
इस अवसर पर संकुल प्राचार्य डॉ. महेंद्र प्रताप तिवारी, प्राचार्य जयप्रकाश सोनी, पूर्व बीडीए उपाध्यक्ष डालचंद पटेल, धर्मेंद्र कुशवाहा सदस्य निर्माण समिति सर्व शिक्षा अभियान, वीरेंद्र घोसी, सरपंच राजेश चढ़ार, राकेश तिवारी, मुकेश नेमा, शिवराज कुर्मी, संतोष अहिरवार, अशोक पवार, श्रीमती विनीता दुबे, अरूणा जैन, डॉ. रश्मि पांडे सहित विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











