
थाना गोपालगंज, जिला सागर
दिनांक : 30.06.2026
जिला बदर आरोपी को जिला सीमा से किया गया निष्कासित
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला बदर आदेश का कराया गया प्रभावी पालन
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले में आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में थाना गोपालगंज पुलिस ने जिला बदर आदेश का कड़ाई से पालन कराते हुए एक आदतन अपराधी को सागर जिले की सीमा से बाहर निष्कासित किया।
माननीय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, सागर द्वारा पारित जिला बदर आदेश के अनुपालन में बंटी उर्फ नंदकिशोर पिता कडोरी उर्फ वैजनाथ पटैल, उम्र 40 वर्ष, निवासी वंदना स्कूल के पास, कॉम्प्लेक्स, मरघटा रोड, थाना गोपालगंज, जिला सागर को दिनांक 29 जून 2026 को जिला बदर आदेश एवं नोटिस विधिवत तामील कराया गया।
आदेश के पालन में थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में थाना गोपालगंज पुलिस ने आरोपी को सागर जिले की सीमा से बाहर ले जाकर थाना नरहट, जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) में सुरक्षित छोड़ा तथा जिला बदर आदेश का प्रभावी एवं विधिसम्मत पालन सुनिश्चित कराया।
थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि जिला बदर की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आदतन अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जिला बदर अवधि के दौरान संबंधित आरोपी बिना सक्षम अनुमति के सागर जिले की सीमा में प्रवेश करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला बदर आरोपियों पर पुलिस की सतत निगरानी
थाना गोपालगंज पुलिस द्वारा जिला बदर किए गए आरोपियों की लगातार निगरानी की जा रही है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तथा जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।











