
थाना राहतगढ़, जिला सागर
03 वर्ष से फरार हत्या के प्रयास एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के ₹3,000 के इनामी आरोपी को राहतगढ़ पुलिस ने दमन-दीव से किया गिरफ्तार
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं एस.डी.ओ.पी. राहतगढ़ योगेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में राहतगढ़ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण जैसे गंभीर अपराधों में पिछले लगभग 03 वर्षों से फरार चल 6रहे ₹3,000 के इनामी आरोपी को दमन-दीव से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी नारायण उर्फ बब्लू पिता स्वर्गीय कुंदन कुर्मी, निवासी ग्राम गिरवर, थाना सानौधा, जिला सागर है।
आरोपी के विरुद्ध थाना सानौधा के अपराध क्रमांक 370/2023 में धारा 307 भारतीय दण्ड संहिता (हत्या का प्रयास) सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी द्वारा अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था। इसके अतिरिक्त थाना राहतगढ़ के अपराध क्रमांक 791/2023 में धारा 306 भारतीय दण्ड संहिता सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज है। आरोपी द्वारा पत्नी को लगातार शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने आत्महत्या कर ली थी, जिसके संबंध में आरोपी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण का मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार होकर अपनी लोकेशन बदलता रहा, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी। राहतगढ़ पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी एवं भौतिक स्तर पर उसकी तलाश की जा रही थी। वैज्ञानिक साक्ष्यों की सहायता से आरोपी की लोकेशन दमन-दीव में प्राप्त होने पर पुलिस की विशेष टीम तत्काल रवाना की गई। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को विधिसम्मत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।
गिरफ्तारी में विशेष योगदान
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी राहतगढ़ मुकेश सिंह, चौकी प्रभारी सिहोरा उप निरीक्षक अभिषेक पटैल, प्रधान आरक्षक रणवीर (क्र.1652), आरक्षक दिलीप गुर्जर (क्र.991) एवं आरक्षक चन्द्रशेखर यादव (क्र.1736) की सराहनीय भूमिका रही।
राहतगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की प्रभावशीलता का प्रमाण है। जिला पुलिस ऐसे अपराधियों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी, ताकि कानून का भय कायम रहे तथा आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।









