विंध्याचल एक्सप्रेस के नरयावली स्टॉपेज की उम्मीदों को मिला नया आधार, विधायक प्रदीप लारिया के सतत प्रयास रंग लाने की ओर

विंध्याचल एक्सप्रेस के नरयावली स्टॉपेज की उम्मीदों को मिला नया आधार, विधायक प्रदीप लारिया के सतत प्रयास रंग लाने की ओर

सागर/01.07.2026
नरयावली विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग विंध्याचल एक्सप्रेस (11271/11272) के नरयावली स्टेशन पर ठहराव को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। रेलवे के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार इस विषय पर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। हालांकि, इसके क्रियान्वयन की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। सीनियर डीसीएम डॉ. मथुर वर्मा ने भी स्पष्ट किया है कि कार्यान्वयन की तिथि फिलहाल तय नहीं हुई है।

उल्लेखनीय है कि नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने इस जनहित की मांग को लंबे समय से निरंतर प्रमुखता के साथ उठाया है। उन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा में अशासकीय संकल्प के माध्यम से विंध्याचल एक्सप्रेस के नरयावली स्टेशन पर ठहराव एवं राज्यरानी सुपरफास्ट ट्रेन का स्टापेज नरयावली एवं जरूवाखेड़ा का भी विषय रखा था। विधायक के प्रयासों के उपरांत प्रदेश सरकार द्वारा भी इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव प्रेषित किया गया। इसके साथ ही श्री लारिया ने विभिन्न सक्षम मंचों पर लगातार इस मांग को उठाते हुए रेलवे एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष क्षेत्रवासियों की आवश्यकता को मजबूती से रखा।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि नरयावली स्टेशन पर विंध्याचल एक्सप्रेस का ठहराव प्रारंभ होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि नरयावली की जनता की यह वर्षों पुरानी मांग है, जिसके लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन शीघ्र ही इस संबंध में औपचारिक निर्णय एवं आवश्यक कार्यक्रम घोषित करेगा। उन्होंने कहा कि अंतिम आदेश जारी होने तक वे क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण जनआकांक्षा को पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

Leave a Comment

Read More