
71 वर्षों से सतत रामायण पाठ समाज की आस्था और संस्कृति का प्रतीक : विधायक शैलेंद्र कुमार जैन
सागर। पंतनगर वार्ड स्थित कोरी समाज के सत्संग भवन में आदर्श कोरी समाज संगठन द्वारा आनंद रामायण मंडल की 71वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रामायण पाठ महोत्सव एवं कन्या भोज-भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए रामायण पाठ किया तथा मंडल के सभी सदस्यों को 71वीं वर्षगांठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि किसी भी अच्छे और धार्मिक कार्य की वास्तविक सार्थकता उसके निरंतर संचालन में होती है। श्री आनंद रामायण मंडल द्वारा पिछले 71 वर्षों से निरंतर रामायण पाठ एवं धार्मिक आयोजनों की परंपरा का निर्वहन किया जाना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
उन्होंने मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही यह परंपरा समाज में धार्मिक चेतना, सेवा और संस्कारों का संदेश दे रही है। कन्या भोज जैसे आयोजन हमारी संस्कृति में नारी सम्मान और सेवा भावना के प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, शारदा कोरी, जड़िया जी, दीपक दुबे, नितिन सोनी सहित श्री आनंद रामायण मंडल के सभी सदस्य, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन कन्या पूजन एवं भंडारे के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।










