हाईवे पर दहशत फैलाने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, देवरी पुलिस की कार्रवाई


थाना देवरी, जिला सागर
दिनांक : 01.07.2026

हाईवे पर ट्रक चालकों पर फायरिंग करने वाला फरार आरोपी देवरी पुलिस की गिरफ्त में

घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे आरोपी को सिविल लाइन क्षेत्र से गिरफ्तार किया, वारदात में प्रयुक्त कार जब्त, हथियार की बरामदगी के प्रयास जारी

सागर। पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  प्रकाश मिश्रा के पर्यवेक्षण में फरार एवं गंभीर अपराधों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना देवरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक हरिराम मानकर के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने थाना देवरी के अपराध क्रमांक 504/2025 में फरार चल रहे आरोपी नमन मिश्रा पिता शिवकुमार मिश्रा, निवासी सिमरिया, थाना महाराजपुर, जिला सागर को गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 11.11.2025 को थाना देवरी क्षेत्रांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों पर गोली चलाकर प्राणघातक हमला करने की गंभीर घटना हुई थी। इस संबंध में थाना देवरी में धारा 109, 191(2), 296(ए), 126(2), 324(6), 351(2), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे।

दिनांक 30.06.2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर थाना देवरी पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक 792 मनोज मिश्रा एवं आरक्षक 1160 कमलेश ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन, सागर क्षेत्र से आरोपी नमन मिश्रा को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी से पूछताछ कर उसका मेमोरेंडम लेखबद्ध किया गया, जिसके आधार पर घटना में प्रयुक्त नीले रंग की आई-20 कार क्रमांक MP-15-ZF-5170 बरामद कर विधिवत जब्त की गई है।

प्रकरण में प्रयुक्त .315 बोर की बंदूक की बरामदगी एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ जारी है। इसी उद्देश्य से माननीय न्यायालय देवरी से आरोपी का 03 जुलाई 2026 तक का पुलिस रिमांड (पीआर) प्राप्त किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन विवेचना करते हुए अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

देवरी पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Read More