
SAFE CLICK अभियान 2026: सागर में साइबर सुरक्षा की बड़ी मुहिम, हजारों विद्यार्थियों ने ली ‘साइबर शपथ’, सोशल मीडिया के जरिए घर-घर पहुंचा जागरूकता संदेश
स्कूलों में दिलाई गई साइबर शपथ, CyberDost WhatsApp Channel से जुड़ने की अपील, साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने का संदेश
सागर। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच सागर पुलिस ने SAFE CLICK अभियान-2026 के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए साइबर सुरक्षा को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की पहल की है। अभियान के आठवें दिन पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शासकीय एवं निजी विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को “साइबर शपथ” दिलाई गई और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए।
राज्य साइबर पुलिस और स्कूल शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल, ऑनलाइन निवेश, डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के नए तरीकों से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही यह संकल्प भी दिलाया गया कि वे स्वयं जागरूक रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
अभियान के अंतर्गत सोशल मीडिया पर साइबर सुरक्षा संबंधी वीडियो, पोस्ट, रील और जागरूकता संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि वे इन संदेशों को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि साइबर अपराधों के प्रति जन-जागरूकता बढ़े और लोग समय रहते सतर्क हो सकें।
सागर पुलिस ने लोगों से भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित CyberDost WhatsApp Channel से जुड़ने का भी आग्रह किया। इस चैनल पर साइबर अपराधों से जुड़े नवीनतम अलर्ट, बचाव के उपाय, केस स्टडी और महत्वपूर्ण जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाती है। इसके प्रचार-प्रसार के लिए विद्यालयों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, ऑनलाइन लोन, फर्जी कस्टमर केयर, ओटीपी फ्रॉड या किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कर निकटतम पुलिस थाने को सूचना दे।
सागर पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक, सतर्क और डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाना है, ताकि एक सुरक्षित और सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।










