24 घंटे में शाहगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

24 घंटे में शाहगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी की बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
सागर, 2 जुलाई। सागर जिले की शाहगढ़ पुलिस ने चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी तथा एसडीओपी बंडा प्रदीप वाल्मीकि के मार्गदर्शन में शाहगढ़ थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी नरेन्द्र अहिरवार (28 वर्ष) निवासी ग्राम अमरमऊ को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी कब्बी उर्फ हरिशंकर ताम्रकार ने 30 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP-15-N-9150) घर के बाहर से चोरी हो गई है। शिकायत पर थाना शाहगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 1 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत की चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप खरे, प्रधान आरक्षक अमित राय, जय रैकवार, संतोष तथा आरक्षक दिनेश, दुर्गेश, लखन, बॉबी और महिला आरक्षक मनीषा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को हमेशा सुरक्षित स्थान पर लॉक कर खड़ा करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

Leave a Comment

Read More