जैसीनगर पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; ₹2.50 लाख के जेवर और नकदी बरामद

जैसीनगर पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; ₹2.50 लाख के जेवर और नकदी बरामद
सागर।
जिले की जैसीनगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹2.50 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राहतगढ़ योगेंद्र सिंह भदौरिया के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरकुआ निवासी चंद्रवती लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 मई 2026 की सुबह वह घर में ताला लगाकर तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। वापस लौटने पर घर के पीछे से घुसकर अज्ञात चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और ₹30 हजार नकद सहित करीब ₹2.50 लाख का सामान चोरी कर ले गया था।
मामले में थाना जैसीनगर में बीएनएस की धाराओं 331(4) एवं 305(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने विपिन पिता सुखराम सिंह लोधी (26), निवासी ग्राम बरकुआ महंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी सहित लगभग ₹2.50 लाख का मशरूका बरामद कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 4 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक सहयोग कुमार, आरक्षक काजी सहित थाना जैसीनगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More