वीरांगना रानी झलकारी बाई के नाम पर सभागार निर्माण की मांग, कोरी समाज ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन

वीरांगना रानी झलकारी बाई के नाम पर सभागार निर्माण की मांग, कोरी समाज ने विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा ज्ञापन

समाज के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक आयोजनों के लिए स्थायी भवन की आवश्यकता बताई, विधायक ने स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई का दिया आश्वासन

सागर। कोरी समाज उत्थान संगठन, सागर के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन से उनके निवास पर मुलाकात कर वीरांगना रानी झलकारी बाई के नाम पर समाज के लिए एक भव्य सभागार के निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि समाज के पास वर्तमान में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कोई उपयुक्त भवन उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण विभिन्न गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि लंबे समय से समाज द्वारा एक स्थायी सभागार की मांग की जा रही है। सभागार के निर्माण से समाज की बैठकें, प्रतिभा सम्मान समारोह, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवा गतिविधियां तथा विभिन्न जनकल्याणकारी आयोजन व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकेंगे। साथ ही यह भवन समाज की एक महत्वपूर्ण धरोहर के रूप में स्थापित होगा।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सभागार का नाम वीरांगना रानी झलकारी बाई के नाम पर रखा जाता है, तो यह नई पीढ़ी को उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति, पराक्रम एवं बलिदान से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेगा। इससे समाज की गौरवशाली विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।

ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रस्तावित स्थल का शीघ्र निरीक्षण कराया जाएगा तथा सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए सभागार निर्माण के संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की जनहित से जुड़ी मांगों के समाधान के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।

विधायक के सकारात्मक आश्वासन पर प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि समाज की वर्षों पुरानी यह मांग शीघ्र पूरी होगी और कोरी समाज को एक स्थायी सामाजिक एवं सांस्कृतिक केंद्र प्राप्त होगा।

इस अवसर पर कोरी समाज उत्थान संगठन, सागर के अध्यक्ष ठाकुर दास कोरी, महामंत्री  परमानंद कोरी,  मोहन लाल कोरी,  जे.पी. कोरी,  के.सी. कोरी,  गोपीचंद पंथी,  रमेश कोरी,  कुंजीलाल,  मनोहर लाल शर्मा, लल्लूलाल,  प्रताप कोरी,  डी.पी. कोरी,  सी.एल. कोरी, पार्षद नीरज (गोलू) कोरी,  बेनी प्रसाद,  अभय खाटोल,  हेमा कोरी, श्रीमती अर्चना कोरी, कविता कोरी,  माधवी कोरी,  सरिता कोरी,  यशोदा कोरी, सुमन कोरी,  रानी कोरी,  उमेश कोरी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

Read More