
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत तिली वार्ड में हुआ पौधारोपण
भाजपा डॉ. हरिसिंह गौर मंडल की कार्यसमिति ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, विधायक शैलेंद्र कुमार जैन और जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने किया पौधारोपण
सागर। भारतीय जनता पार्टी सागर विधानसभा के डॉ. हरिसिंह गौर मंडल की मंडल कार्यसमिति द्वारा रविवार को तिली वार्ड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए एक-एक पौधा रोपित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी संवेदनशीलता और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बड़ा जनआंदोलन बन सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण देने के लिए पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सेवा, संगठन और पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के विषयों को लेकर लगातार समाज के बीच कार्य कर रही है तथा कार्यकर्ता हर अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, विक्रम सोनी, निकेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नीरज यादव, कैलाश चौरसिया, मनोज चौरसिया, पुरुषोत्तम चौरसिया, रितेश तिवारी, हेमंत यादव, रुपेश यादव, शैलेश जैन, अनिल चौरसिया, हरनाम सिंह, शरद मोहन दुबे, कृपाल सिंह, रवि ठाकुर, राजू बेदी, प्रमिला मौर्य, सावित्री सैनी, शैलेंद्र नामदेव, अभिमन्यु सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











