
पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112), सागर
दिनांक: 04.08.2026
डायल-112 कंट्रोल सागर एवं एफआरवी की तत्परता से खेलते-खेलते घर का रास्ता भटका 4 वर्षीय मासूम सकुशल परिजनों से मिला
सागर पुलिस के पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112) सागर एवं एफआरवी स्टाफ की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से थाना बीना क्षेत्र में घर का रास्ता भटक गए 4 वर्षीय मासूम को कुछ ही समय में सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया।
दिनांक 04.08.2026 को प्रातः 09:41 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में सूचना प्राप्त हुई कि थाना बीना क्षेत्र में एक लगभग 4 वर्षीय बालक खेलते-खेलते अपने घर का रास्ता भटक गया है और उसे पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112) सागर के समन्वय से थाना बीना में तैनात एफआरवी (डायल-112) को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
सूचना पर आरक्षक धर्मेंद्र एवं पायलट अजय तत्काल मौके पर पहुंचे और मासूम बालक को सुरक्षित संरक्षण में लिया। बालक अपनी कम उम्र के कारण अपने परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे पा रहा था। इसके बाद डायल-112 टीम ने बालक को साथ लेकर आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ की तथा हैदरीन स्कूल, बीना के आसपास उसके परिजनों की तलाश प्रारंभ की।
सतत प्रयासों के दौरान टीम को बालक के पिता मिल गए। आवश्यक पहचान एवं सत्यापन के उपरांत मासूम बच्चे को उसके पिता के सुपुर्द सकुशल किया गया।
अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस कंट्रोल रूम (डायल-112) सागर, एफआरवी टीम तथा पुलिस जवानों की त्वरित, संवेदनशील एवं मानवीय कार्यवाही की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
सागर पुलिस का संदेश:
आपातकालीन स्थिति में डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस कंट्रोल रूम सागर एवं एफआरवी टीमें 24×7 आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्पर हैं।











