
सागर पुलिस की ‘सृजन संवाद योजना’ का दूसरा चरण, स्कूली विद्यार्थियों को कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
सांदीपनी स्कूल सागर व बांदरी के विद्यार्थियों ने किया थाना भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा
सागर। स्कूली विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियमों और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा संचालित ‘सृजन संवाद योजना’ के अंतर्गत शुक्रवार को द्वितीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांदीपनी स्कूल सागर एवं सांदीपनी स्कूल बांदरी के विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान की गतिविधियों का समन्वय नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी द्वारा किया जा रहा है।
छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी
सांदीपनी स्कूल सागर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अधिकार एवं सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियम, हेलमेट की अनिवार्यता, आपातकालीन पुलिस सहायता और नागरिक कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं के साथ संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं और सवालों का सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी अपराध, परेशानी अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना भय या संकोच के पुलिस की सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी संतोषी कनासिया ने भी छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की भूमिका और उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने थाने में जाकर समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
सृजन संवाद योजना के तहत सांदीपनी स्कूल बांदरी के छात्र-छात्राओं को थाना बांदरी एवं थाना गोपालगंज का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने थाने में पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
थाना बांदरी में थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने विद्यार्थियों को थाना परिसर और पुलिस की विभिन्न कार्यप्रणालियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को शिकायत प्राप्त करने एवं पंजीयन की प्रक्रिया, पुलिस सहायता व्यवस्था, विवेचना, अभिलेख संधारण, महिला संबंधी मामलों में पुलिस की भूमिका सहित आम नागरिकों को उपलब्ध विभिन्न पुलिस सेवाओं के बारे में बताया गया।
थाना भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कई सवाल किए और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
हर दूसरे दिन करीब 100-100 विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
सागर पुलिस की इस योजना के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। हर दूसरे दिन करीब 100-100 विद्यार्थियों को संवाद, प्रशिक्षण, जागरूकता गतिविधियों और पुलिस संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण से जोड़ा जाएगा।
योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सुरक्षा के प्रति सजगता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है, ताकि विद्यार्थी स्वयं सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकें।
17 अगस्त तक चलेगा अभियान
सागर पुलिस के अनुसार ‘सृजन संवाद योजना’ 5 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक संचालित की जाएगी। आगामी कार्यक्रमों में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने के साथ कानून, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात नियम और नागरिक दायित्वों से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम और थाना भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की।











