सागर की सड़कों पर अगस्त क्रांति की गूंज के साथ निकला कांग्रेस का भव्य तिरंगा मार्च, दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

सागर की सड़कों पर अगस्त क्रांति की गूंज के साथ निकला कांग्रेस का भव्य तिरंगा मार्च, दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस पर ली गई जन-सेवा की शपथ; गौर मूर्ति से विजय स्तंभ तक देशभक्ति का उत्साह

सागर/ स्वाधीनता संग्राम की ऐतिहासिक धरोहरों—’भारत छोड़ो आंदोलन’ (अगस्त क्रांति), आदिवासी दिवस, स्वतंत्रता संग्राम युवा दिवस तथा भारतीय युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर सागर शहर में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और अधिकारों की रक्षा का सशक्त संदेश दिया गया। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानियों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना और देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए युवाओं को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शहर कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन के समक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराकर हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ‘करो या मरो’ और ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ के आह्वान पर देश के नौजवानों व क्रांतिकारियों ने शोषण के खिलाफ बिगुल फूंका था। इस स्वाधीनता संग्राम में देश के आदिवासी समुदाय की शहादत और संघर्ष का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने वर्तमान सामाजिक व आर्थिक चुनौतियों पर संदेश देते हुए कहा कि आज एक बार फिर युवाओं, आदिवासियों, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए बापू के सत्य, अहिंसा और संवैधानिक मूल्यों के मार्ग पर चलते हुए संगठित होने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित रामजी दुबे ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानियों का त्याग हमें याद दिलाता है कि लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है, इसलिए आज देश को आर्थिक व सामाजिक गुलामी से मुक्त कराने के लिए हर नागरिक का एकजुट होना बेहद आवश्यक है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग सदस्य डॉ. संदीप सबलोक ने कहा कि 9 अगस्त का दिन भारतीय इतिहास में सामाजिक न्याय, क्रांति और युवाओं के अधिकारों का प्रतीक है, और आज सत्ता के अहंकार तथा देश को आर्थिक गुलामी की ओर ढकेलने वाली नीतियों के खिलाफ युवाओं का मुखर होना ही अगस्त क्रांति का सच्चा सम्मान है।
इसी क्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस पर शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू ने संगठन का ध्वज फहराकर युवाओं को राष्ट्र सेवा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के निर्माण और लोकतंत्र की रक्षा में युवाओं की भूमिका सदैव अग्रणी रही है और युवा कांग्रेस इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल चौबे ने उपस्थित युवाओं को संवैधानिक मर्यादाओं और जन-सेवा की निष्ठापूर्वक शपथ दिलाई। ध्वजारोहण परेड का अनुशासित व व्यवस्थित संचालन सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे के मार्गदर्शन में द्वारका चौधरी द्वारा संपन्न कराया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत राजीव गांधी भवन से शहर के मुख्य मार्गों के लिए एक विशाल और भव्य ‘तिरंगा मार्च’ रवाना हुआ। विशाल राष्ट्रध्वज हाथों में थामे सैकड़ों कांग्रेसजनों का यह सैलाब तीनबत्ती, गौरमूर्ति, कटरा बाजार, जामा मस्जिद और विजय स्तंभ से होते हुए पुनः कांग्रेस कार्यालय पहुँचा। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘राष्ट्रीय एकता ज़िंदाबाद’ के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। इस मार्च के माध्यम से शहरवासियों को आपसी भाईचारे, धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्र की अखंडता को अक्षुण्ण रखने का जीवंत संदेश दिया गया।

इस आयोजन में वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भारी संख्या में गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, अमित रामजी दुबे, पूर्व शहर अध्यक्ष जगदीश यादव, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग सदस्य डॉ. संदीप सबलोक, ब्लॉक अध्यक्षगण हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे व नरेंद्र मिश्रा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण लता सोनी, पार्षद ताहिर खान, शरद पुरोहित, जितेंद्र रोहण तथा रमाकांत यादव प्रमुख रूप से शामिल हुए। इसके साथ ही आनंद हेला, ऋषभ जैन, लीलाधर सूर्यवंशी, अवधेश तोमर, शैलेंद्र तोमर, नितिन पचौरी, पप्पू गोस्वामी, अशोक नागवानी, महेश अहिरवार, विनीत ताले वाले, कल्लू पटेल, रेखा सोनी, रजिया खान, ज्योति मलैया, मीना पटेल, पवन पटेल, बंटी कोरी, प्रशांत सोनी, हरिश्चंद्र सोनवार, अनिल दक्ष, अलीम तज्जू खान, जैद खान, पीयूष अवस्थी, नीलेश अहिरवार, शुभम सोनी, लल्ला यादव, कन्हैया सोनी, गोपी यादव, खट्टू शुक्ला, छोटू तिवारी, अरविंद मछंदर, अंकुर यादव, प्रीतम यादव, सत्यम रैकवार, विनोद रैकवार एवं कमलेश जाटव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

Leave a Comment

Read More