
श्याम तिवारी के जन्मदिन पर सेवा, संस्कार और संगठन का दिखा संगम
भाजपा कार्यालय में पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के बीच हुआ भव्य स्वागत, जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि
सागर। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिन सोमवार को सेवा, संस्कार और संगठनात्मक आत्मीयता के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। दिन की शुरुआत उन्होंने श्री देव भूतेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कर की। इसके बाद दयोदय गौशाला में गौसेवा, भाजपा कार्यालय में पौधारोपण और वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की सेवा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर श्री तिवारी का पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। सागर जिले की सभी विधानसभाओं से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे। विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भी उनसे मुलाकात कर जन्मदिन की बधाई दी।
भोलेनाथ के रुद्राभिषेक से हुई दिन की शुरुआत
श्री तिवारी ने श्री देव भूतेश्वर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक किया। उन्होंने जिलेवासियों के सुख-समृद्धि और सागर के निरंतर विकास की मंगलकामना की। इसके बाद दयोदय गौशाला पहुंचकर गौमाता का पूजन किया और अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाकर गौसेवा की।
भाजपा कार्यालय में पुष्पवर्षा और आतिशबाजी से स्वागत
भाजपा कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने जिलाध्यक्ष का आत्मीय अभिनंदन किया। श्री तिवारी ने कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि “वृक्ष जीवन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। पौधा लगाना शुरुआत है, लेकिन उसे वृक्ष बनाना हमारी जिम्मेदारी है।”
हर विधानसभा से पहुंचा कार्यकर्ताओं का स्नेह
जन्मदिन के अवसर पर जिले की सभी विधानसभाओं से जनप्रतिनिधि, वरिष्ठजन, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने श्री तिवारी को स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं दीं। दिनभर भाजपा कार्यालय में बधाइयों और आत्मीय मुलाकातों का सिलसिला चलता रहा।
अधिवक्ता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने किया अभिनंदन
जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अन्नी दुबे अपनी कार्यकारिणी के साथ श्री तिवारी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे। श्री तिवारी ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को भोजन परोसकर लिया आशीर्वाद
सेवा के क्रम में श्री तिवारी वृद्धाश्रम पहुंचे। उन्होंने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और अपने हाथों से भोजन परोसा। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग अनुभव, संस्कार और जीवन-मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देता है।
सोशल मीडिया पर भी छाया जन्मदिन
श्याम तिवारी के जन्मदिन को लेकर सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में खासा उत्साह रहा। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तस्वीरें साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
“कार्यकर्ताओं का स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी”
जन्मदिन पर मिले स्नेह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्याम तिवारी ने कहा कि सागर जिले के जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों से मिला स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है। कार्यकर्ताओं का आत्मीय भाव ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक शक्ति उसका कार्यकर्ता है और संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व को कार्यकर्ता भाव से निभाना उनका संकल्प है।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जिलेभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।











