घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति के लिए देवदूत बने डायल-112 के जवान, समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जिंदगी की उम्मीद


खुरई। थाना खुरई क्षेत्र में घायल अवस्था में पड़े एक व्यक्ति के लिए डायल-112 के जवानों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए समय पर मदद पहुंचाई। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने डायल-112 एफआरव्ही टीम को मौके पर रवाना किया, जहां जवानों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि सागर जिले के थाना खुरई क्षेत्र में ऑडिटोरियम चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है और उसे तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने त्वरित रिस्पॉन्स करते हुए खुरई क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। सूचना के प्रभावी संप्रेषण और लगातार समन्वय के चलते डायल-112 टीम कम समय में मौके पर पहुंच गई।
सिर और हाथ में गंभीर चोटें, तत्काल अस्पताल पहुंचाया
मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक अमर वर्मा एवं पायलट शिवकुमार ने देखा कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए घायल को एफआरव्ही वाहन से सीएचसी खुरई पहुंचाया और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों को भी दी सूचना
डायल-112 जवानों ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही उसके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी और उन्हें सीएचसी खुरई बुलाया। इससे परिजन समय पर अस्पताल पहुंच सके और घायल की देखभाल शुरू हो सकी।
कंट्रोल रूम से मौके तक बेहतर समन्वय
इस पूरी कार्रवाई में राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम भोपाल, सागर पुलिस कंट्रोल रूम और थाना खुरई क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही टीम के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। सूचना मिलते ही त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित कर घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
सागर पुलिस की डायल-112 सेवा का उद्देश्य संकट की स्थिति में नागरिकों तक तत्काल पुलिस सहायता, सुरक्षित परिवहन और आवश्यक मानवीय सहयोग पहुंचाना है। इस कार्रवाई में डायल-112 जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता सराहनीय रही।

Leave a Comment

Read More