शराब से 10 मौतों पर सरकार सख्त, तीन आबकारी अधिकारी निलंबित दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा : उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा


सागर, 6 सितंबर 2026। सागर जिले के बंडा तहसील क्षेत्र के ग्राम गूगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में शराब पीने से दस लोगों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। उप मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा के निर्देश पर आबकारी विभाग के अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।
उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है। वहीं सहायक आयुक्त आबकारी सागर कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और आबकारी उप निरीक्षक वृत्त बंडा प्रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री  देवड़ा ने स्पष्ट कहा कि “इस हादसे के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार पूरे प्रकरण में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि अवैध अथवा नकली शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यदि विभागीय स्तर पर किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी भी जवाबदेही तय की जाएगी।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शराब के स्रोत, आपूर्ति और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। आबकारी आयुक्त को मौके पर पहुंचकर जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुखद और गंभीर बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

Read More