
हत्या के फरार आरोपी को गढ़ाकोटा पुलिस ने किया गिरफ्तार
खेत में पानी बहाने के विवाद में लोहे के पाइप और डंडे से हमला कर की गई थी हत्या, घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद
सागर। गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पाण्डेर में खेत में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में मानकलाल रैकवार की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गढ़ाकोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
26 अगस्त को हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को ग्राम पाण्डेर निवासी ऊधम सिंह रैकवार ने थाना गढ़ाकोटा में सूचना दी थी कि खेत में पानी बहाने को लेकर उसके पिता मानकलाल रैकवार का कन्हई उर्फ मंझले रैकवार और रमेश रैकवार से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने लोहे के पाइप एवं डंडे से मानकलाल के साथ मारपीट की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
मामले में थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 634/26, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एक आरोपी पहले ही हो चुका था गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में आरोपी रमेश रैकवार को 28 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं दूसरा आरोपी कन्हई उर्फ मंझले रैकवार घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही थी।
ग्राम पाण्डेर से दबोचा गया फरार आरोपी
लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद गढ़ाकोटा पुलिस ने 10 सितंबर 2026 को फरार आरोपी कन्हई उर्फ मंझले पिता जुग्गे रैकवार, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम पाण्डेर को ग्राम पाण्डेर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन तथा एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उपनिरीक्षक राजाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक 1158 प्रमोद सोयाम, आरक्षक 1722 रवि पटैल एवं आरक्षक 1514 सुरेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











