छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर सागर में छात्र संवाद, बड़ी संख्या में छात्रों ने कराया पंजीयन


अभियान छात्रों को आकर्षित कर रहा है, राष्ट्रीय मंच पर अपनी बात रखने का मिलेगा अवसर : महेश जाटव
सागर। इंदौर में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सागर शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा छात्र संवाद अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंचकर छात्रों से संवाद किया जा रहा है और उन्हें कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है।
इसी क्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में शासकीय आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई अभियान प्रभारी एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी तथा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू ने की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के लिए जारी क्यूआर कोड स्कैन कर अपना पंजीयन कराया और कार्यक्रम के प्रति समर्थन जताया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अभियान के तहत अब तक करीब 2 लाख पंजीयन हो चुके हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान छात्रों को आकर्षित कर रहा है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों को एक बड़े राष्ट्रीय मंच पर अपनी बात, समस्याएं और अपने सपने रखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को मजबूती से सामने लाने के लिए ऐसे संवाद बेहद जरूरी हैं।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह और रुचि देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में छात्र अभियान से जुड़ रहे हैं और पंजीयन करा रहे हैं।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू ने कहा कि युवाओं को अपनी बात रखने के लिए एक बड़े मंच की आवश्यकता थी, जिसे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूरा किया है। युवाओं को अपने सपनों की सरकार के बारे में सोचने और अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अमित रामजी दुबे, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, आनंद हेला, ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा, गीता कुशवाहा, ज्योति मलैया, चक्रेश रोहित, आनंद अहिरवार, नीलेश अहिरवार, जितेंद्र रोहन, अंकुर यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More