
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह हुए शामिल, बोले—किसी ने बेटा, किसी ने पति तो किसी ने भाई खोया
सागर। बण्डा जहरीली शराब कांड में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और पीड़ित परिवारों को न्याय एवं उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में जिला युवा कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस नरयावली विधानसभा के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए।
कैंडल मार्च मकरोनिया नरसिंहपुर रोड स्थित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल से प्रारंभ हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर विभिन्न मार्गों से होते हुए रजाखेड़ी बजरिया स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थल पहुंचे। यहां बण्डा जहरीली शराब कांड में मृत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और पीड़ित परिवारों को न्याय तथा उचित आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई गई।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में यदि किसी क्षेत्र की 50 प्रतिशत महिलाएं शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर लिखित शिकायत करती थीं तो उस क्षेत्र की शराब दुकान बंद कर दी जाती थी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जहरीली शराब से लोगों की मौत हो रही है, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। बण्डा जहरीली शराब कांड में किसी ने बेटा, किसी ने पति और किसी ने भाई खोया है।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह मोहासा ने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतों की वास्तविक जानकारी शासन-प्रशासन द्वारा सार्वजनिक नहीं की जा रही है। शासन द्वारा बताए जा रहे आंकड़ों और जमीनी हकीकत में अंतर दिखाई दे रहा है, जो गंभीर मामला है और जांच का विषय है।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतें महज एक हादसा नहीं हैं, बल्कि शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि घटना के लिए अवैध शराब माफिया के साथ-साथ शासन-प्रशासन की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ घोषित ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को लेकर भी सवाल उठाए।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप चौधरी और युवा कांग्रेस नरयावली विधानसभा अध्यक्ष रोहित वर्मा ने बण्डा जहरीली शराब कांड की जवाबदेही तय कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को न्याय एवं आर्थिक सहायता देने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस महामंत्री एवं युवा कांग्रेस प्रभारी अशरफ खान ने किया।
कैंडल मार्च में पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर, हर्ष यादव, पूर्व विधायक सुनील जैन, तरवर सिंह लोधी, पूर्व जिला अध्यक्ष स्वदेश गुड्डू जैन, जगदीश यादव, रेखा चौधरी, राजकुमार पचौरी, सुरेंद्र सुहाने, अमित रामजी दुबे, मुकुल पुरोहित, रामकुमार पचौरी, आशीष ज्योतिषी, राकेश राय, अखलेश मोनी केशरवानी, अभिषेक गौर, बब्बू यादव, मनोज पवार, बी.डी. पटेल, सिंटू कटारे, रिचा सिंह, किरण सोनी, अक्षत कोठारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।











