सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने भाजपा ने कसी कमर, 13 कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय

सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तैयारियां तेज

जिला टोली की बैठक में 13 कार्यक्रमों की रूपरेखा पर मंथन, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी कार्यक्रमों के प्रभारी-सह प्रभारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

सागर। भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए सागर जिला भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिला टोली के सदस्यों एवं अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान के अंतर्गत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

अभियान को व्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने सभी 13 कार्यक्रमों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की टीम गठित कर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। टीम में जिला पदाधिकारियों, मोर्चा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया एवं सोशल मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और जनकल्याण के संकल्प को कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सभी प्रभारी एवं सह-प्रभारियों से अपने-अपने कार्यक्रमों की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक सामर्थ्य उसके कार्यकर्ता हैं और इन्हीं के सामूहिक प्रयासों से सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनअभियान का स्वरूप दिया जाएगा। सेवा का भाव भाजपा की कार्यसंस्कृति का आधार है और अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण का संदेश पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है।

सागर ग्रामीण जिला प्रभारी श्री सदानंद गौतम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ नेता श्री जाहर सिंह जी ने कहा कि सेवा और समाज के प्रति समर्पण भाजपा की कार्यसंस्कृति की मूल भावना है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाते हुए जनकल्याणकारी कार्यों और सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को व्यापक जनअभियान का स्वरूप मिलेगा।

बैठक के दौरान अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले 13 प्रमुख कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुति, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘रंगोली राष्ट्र—राष्ट्र तक, आभार और संकल्प की रंगोली’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट तक’ शामिल हैं।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा कार्यों, सामाजिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण, बच्चों एवं युवाओं की प्रतिभा, नवाचार तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

कार्यक्रम जिला संयोजक श्री जगन्नाथ गुरैया ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सभी प्रभारी एवं सह-प्रभारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम की समयबद्ध तैयारी, उचित व्यवस्था और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी एवं व्यापक बनाया जा सकेगा।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में जिला पदाधिकारी चेतराम अहिरवार, मनीष चौबे, यश अग्रवाल, विक्रम सोनी, मेघा दुबे, सविता साहू, संध्या भार्गव, तृप्ति सिंह लोधी, सुषमा यादव, राहुल वैद्य, आलोक केशरवानी, बालकिशन सोनी, सोनू उपाध्याय, नितिन सोनी एवं जय सोनी सहित अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Read More